सबकी समस्या का समाधान सरकार की प्रतिबद्धता : सीएम योगी

गोरखपुर में योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को बिना भेदभाव त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई, जरूरतमंदों के इलाज और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही। एक महिला की बेटी की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से मदद का आश्वासन दिया गया। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भी आर्थिक सहायता देने की बात कही गई।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लोगों को बिना किसी भेदभाव के न्याय मिले। उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, जरूरतमंदों के इलाज की समुचित व्यवस्था हो और जमीन कब्जाने वाले भू-माफियाओं व दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

जनता दर्शन में सीएम योगी लोगों की समस्याएं सुनते हुए

जनता दर्शन में सुनीं करीब 150 लोगों की समस्याएं

रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 150 लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।

गोरखनाथ मंदिर में भ्रमण के दौरान सीएम योगी ने बच्चों का अन्नप्राशन कराया।

महिलाओं को विवाह सहायता का आश्वासन

जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए बेटी की शादी के लिए सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी, जिसके तहत प्रति जोड़ा एक लाख रुपए की सहायता दी जाती है।

महिला ने अपनी बेटी को भी योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन लोगों को इलाज की जरूरत है, उनके उच्च स्तरीय उपचार का इस्टीमेट जल्द तैयार कराया जाए। इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कानून व्यवस्था और राजस्व मामलों में तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई जाए, ताकि लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button