
विकसित यूपी के लिए हर प्रदेशवासी का योगदान जरूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' की परिकल्पना को साकार करने में गांवों की भूमिका सबसे अहम है। इसी कड़ी में विकसित यूपी 2047 महाअभियान की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की परिकल्पना को साकार करने में गांवों की भूमिका सबसे अहम है। भारत की आत्मा गांवों में बसती है। विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के लक्ष्यों की प्राप्ति में ग्राम प्रधानों की भूमिका सबसे अहम है क्योंकि लोकतंत्र की प्रथम पंक्ति के प्रतिनिधि होने के नाते वे ही इस महाअभियान के सच्चे शिल्पकार और अग्रिम सेनानी हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 57 हजार ग्राम प्रधानों और सदस्यों से संवाद कर रहे थे। यह संवाद नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने ग्राम प्रधानों को विकसित यूपी@2047 के संकल्पों से परिचित कराते हुए उनसे इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य की छवि मिटाकर ‘नए भारत के ग्रोथ इंजन’ के रूप में पहचान बनाई है। भारत स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और यूपी ने विकसित भारत का अग्रदूत बनने का लक्ष्य तय किया है। सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश 2029-30 तक वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में दृढ़तापूर्वक अग्रसर है। इसी कड़ी में विकसित यूपी 2047 महाअभियान की शुरुआत की गई है, जो केवल विकास योजना नहीं बल्कि 25 करोड़ जनता की आकांक्षाओं और संकल्प का प्रतीक है।

