गोरखपुर में 150 इलेक्ट्रिक बसों के लिए बनेगा आधुनिक बस डिपो, दो जगहों पर चिह्नित हुई जमीन

गोरखपुर में 150 नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए पांच एकड़ में आधुनिक बस डिपो बनाया जाएगा। जमीन की कमी के चलते नगर निगम ने सिक्टौर और बसंतपुर में दो जगह भूमि चिन्हित की है। यह परियोजना शहर की पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को प्रदूषण मुक्त और हाईटेक बनाएगी। एसी ई-बसों से लोगों को सस्ता और आरामदायक सफर मिलेगा। साथ ही वायु प्रदूषण कम होगा और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

गोरखपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को प्रदूषण मुक्त और हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। नगर विकास विभाग के स्थानीय निकाय निदेशालय की योजना के तहत शहर में 150 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इन बसों के संचालन, चार्जिंग और रखरखाव के लिए करीब पांच एकड़ में आधुनिक बस अड्डा (बस डिपो) बनाया जाएगा।

एकमुश्त जमीन न मिलने पर दो स्थानों का चयन

परियोजना को लेकर स्थानीय निकाय निदेशालय की ओर से नगर निगम से पांच एकड़ एकमुश्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने उपयुक्त जमीन की तलाश शुरू कर दी। नगर आयुक्त के निर्देश पर भूमि निरीक्षण की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार को सौंपी गई।

अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान सिक्टौर के कोनी क्षेत्र और बसंतपुर इलाके में सरकारी जमीन का जायजा लिया गया। जांच में यह सामने आया कि नगर निगम के पास किसी एक स्थान पर लगातार पांच एकड़ जमीन उपलब्ध नहीं है।

ऐसी स्थिति में प्रशासन ने व्यावहारिक समाधान निकालते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर जमीन चिह्नित की है। इन दोनों स्थानों की जमीन को मिलाकर बस डिपो की आवश्यकता पूरी की जाएगी। चिह्नित भूमि की रिपोर्ट लगभग तैयार कर ली गई है।

जल्द परिवहन निगम को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार ने बताया कि भूमि की पैमाइश और उसकी स्थिति से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां जल्द ही क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम को उपलब्ध करा दी जाएंगी, ताकि आगे की कागजी प्रक्रिया और निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो सके।

शहर की यातायात व्यवस्था में आएगा बड़ा बदलाव

150 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से गोरखपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। तेजी से बढ़ती आबादी और सार्वजनिक परिवहन पर बढ़ते दबाव को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नई आधुनिक और वातानुकूलित (एसी) बसों के संचालन से लोगों को सस्ता, सुरक्षित और आरामदायक सफर मिल सकेगा।

प्रदूषण कम होगा, रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

इलेक्ट्रिक बसों का सबसे बड़ा फायदा पर्यावरण को होगा। ये बसें पूरी तरह इको-फ्रेंडली होंगी, जिससे शहर में बढ़ते वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही नए बस डिपो के निर्माण और बस संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। नगर निगम और परिवहन विभाग की इस संयुक्त पहल से गोरखपुर को ग्रीन और स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button