
अमेरिकी एयरलाइन ने ह्यूमनॉइड रोबोट्स पर लगाया बैन
अमेरिका की साउथवेस्ट एयरलाइंस ने ह्यूमनॉइड और जानवर जैसे दिखने वाले रोबोट्स को उड़ानों में ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
अमेरिकी एयरलाइन साउथवेस्ट एयरलाइंस (Southwest Airlines) ने हाल ही में अपनी सामान और यात्री नीतियों में संशोधन करते हुए विमानों में ‘मानव-सदृश’ (Humanoid) और ‘पशु-सदृश’ (Animal-like) रोबोटों के यात्रा करने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
सुरक्षा नियमों के अनुसार, इन रोबोटों में अत्यधिक बड़ी लिथियम-आयन बैटरी होती हैं, जिससे विमान में आग लगने या अत्यधिक गर्मी उत्पन्न होने का बड़ा खतरा रहता है।
यह नीति ‘स्टेवी’ (Stewie) और ‘बेबॉप’ (Bebop) जैसे ह्यूमनॉइड रोबोट्स द्वारा हाल ही में की गई यात्राओं और विमान में हुई देरी की घटनाओं के बाद लागू की गई है, अब यात्री इन रोबोट्स को न तो अपने साथ केबिन में ले जा सकते हैं और न ही चेक-इन बैगेज (या कार्गो) के रूप में बुक करा सकते हैं। सामान्य खिलौना रोबोट, जो आकार में छोटे हों और जिनकी बैटरी विमान की सुरक्षा सीमा के अनुकूल हो, उन्हें ले जाने की अनुमति है।

