कुवैत पर ड्रोन और मिसाइल हमले, सरकार ने ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने कुवैत में मौजूद अल सलेम एयरबेस को अपना मुख्य निशाना बनाया है।

अमेरिका द्वारा ईरान के बंदर अब्बास स्थित एक ड्रोन लॉन्चर पर कार्रवाई करने के कुछ ही देर बाद, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (IRGC) ने कुवैत स्थित अल सलेम एयरबेस पर मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं। कुवैत सरकार ने इस जवाबी हमले के लिए ईरान को सीधे तौर पर ज़िम्मेदार ठहराया है।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन हालात अब भी बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। कुवैत की सेना ने हमले की पुष्टि की, हालांकि उसने यह नहीं बताया कि किन ठिकानों को निशाना बनाया गया। घटना के कुछ घंटे बाद ईरान ने भी क्षेत्र में हमला करने की बात स्वीकार की, लेकिन उसने भी साफ नहीं किया कि हमला कहां किया गया।

कुवैत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में ईरानी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘गंभीर तौर पर तनाव बढ़ाने वाला’ और ‘संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा का स्पष्ट उल्लंघन’ बताया।

मंत्रालय ने ईरान से ‘इन हमलों को तत्काल और बिना शर्त रोकने’ की अपील की और कहा कि ‘इन कार्रवाइयों के लिए तेहरान पूरी तरह से ज़िम्मेदार’ है। इससे पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने कहा था कि उसने उस अमेरिकी अड्डे को निशाना बनाया है, जहां से ईरान में ताज़ा हमले हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button