
गोरखपुर में आज होगी B.ed और असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा
गोरखपुर में रविवार को बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा और सहायक आचार्य भर्ती प्रारंभिक परीक्षा आयोजित हुई। इन दोनों परीक्षाओं में 43 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
गोरखपुर में रविवार को प्रतियोगी परीक्षाओं का बड़ा दिन होगा। जिले में एक ही दिन दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा और असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा जिसमें 43 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा जिले के 67 परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इस परीक्षा में गोरखपुर जिले के कुल 32,530 अभ्यर्थी शामिल होंगे। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं।
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जनपदों की जिम्मेदारी दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। विश्वविद्यालय को इन तीनों जिलों के लिए नोडल विश्वविद्यालय बनाया गया है।
परीक्षा संचालन के लिए देवरिया और कुशीनगर में जनपद समन्वयकों की नियुक्ति की गई है, जो जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का कार्य करेंगे।

