
सीबीएसई बोर्ड कंप्यूटर पर चेक होंगी 12वीं की कॉपियां
सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले नए बदलाव की घोषणा की है। इस बार से 12वीं बोर्ड परीक्षा की कॉपियां नए डिजिटल तरीके से चेक की जाएंगी। बोर्ड ने आंसरशीट असेसमेंट के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग की जानकारी दी है।
सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा की मार्किंग स्कीम में बड़ा बदलाव किया है। 12वीं बोर्ड परीक्षा के पेपर्स अब नई मार्किंग सिस्टम से चेक किए जाएंगे। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है। सीबीएसई के इस बदलाव का असर सीधे इंटरमीडिएट के 16 लाख से अधिक स्टूडेंट्स के पेपर्स पर पड़ेगा।
सीबीएसई ने नोटिस जारी कर बताया कि बोर्ड ने 2026 की परीक्षाओं से 12वीं क्लास की आंसरशीट्स का मूल्यांकन करने के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (On-Screen Marking या OSM) शुरू करने का फैसला लिया है। बोर्ड ने कुशलता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया है। हालांकि सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षाओं की आंसरशीट्स का असेसमेंट पुराने फिजिकल मोड में ही जारी रहेगा।
यह सीबीएसई की नई डिजिटल असेसमेंट प्रक्रिया है, जो फिलहाल 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के पेपर चेक करने के लिए अपनाई जाएगी। इसमें आंसरशीट्स को पुराने फिजिकल मोड के बजाय कंप्यूटर स्क्रीन पर चेक किया जा सकेगा। परीक्षाओं के बाद स्टूडेंट्स की आंसरशीट्स को स्कैन किया जाएगा और उन्हें डिजिटल फाइल में बदला जाएगा। इस डिजिटल फाइल को एग्जामिनर या टीचर्स अपने कंप्यूटर स्क्रीन पर ओपन करके चेक कर सकेंगे। इस प्रक्रिया में स्क्रीन पर ही मार्किंग होगी, हर एक सवाल के लिए मार्क्स एड किए जाएंगे और सिस्टम ऑटोमैटिक ओवर मार्क्स जोड़ लेगा।

