आरसीबी की जीत के बाद कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने लगाया भेदभाव का आरोप

डीके शिवकुमार ने आरसीबी की आईपीएल जीत के बाद फाइनल मैच के वेन्यू को लेकर केंद्र सरकार और बीसीसीआई पर राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाया है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के जश्न के बीच, कर्नाटक की राजनीति में एक नया उबाल आ गया है। कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता डीके शिवकुमार ने आईपीएल फाइनल के वेन्यू को लेकर सीधे तौर पर केंद्र सरकार और बीसीसीआई पर राजनीतिक भेदभाव का बड़ा आरोप लगाया है।

3 जून को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे डीके शिवकुमार ने आरसीबी की खिताबी जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आईपीएल का यह महामुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना चाहिए था, लेकिन राजनीतिक साजिश के तहत इसे अहमदाबाद शिफ्ट किया गया।

 

डीके शिवकुमार ने तीखे तेवरों में कहा कि आरसीबी का यह मैच बेंगलुरु में होना तय था। हमारे साथ, हमारी टीम और यहां के करोड़ों फैंस के साथ सरासर नाइंसाफी हुई है। उन्होंने सिर्फ और सिर्फ राजनीति की वजह से मैच को अहमदाबाद करवा दिया। अब मैं इस पर इससे ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन यह फैसला गलत था।

एक तरफ जहां इस फाइनल मैच के वेन्यू को लेकर राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज है, वहीं दूसरी तरफ मैदान पर विराट कोहली के बल्ले ने आलोचकों को करारा जवाब दिया। कोहली ने महज 25 गेंदों में आईपीएल इतिहास की अपनी सबसे तेज हाफ-सेंचुरी जड़ी और 42 गेंदों में 75 रनों की नाबाद पारी खेलकर आरसीबी को चैंपियन बना दिया।

2025 में अहमदाबाद में ही अपनी पहली ट्रॉफी जीतने वाली आरसीबी अब मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद अपने खिताब का सफलतापूर्वक बैक-टू-बैक जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button