
दिल्ली आग हादसे में 21 की मौत, 11 विदेशी
जांच में सामने आया कि होटल बिना फायर एनओसी (NOC) के अवैध रूप से चल रहा था
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में बुधवार सुबह लगी आग ने 21 लोगों की जान ले ली। इस होटल को 6 कमरों की मंजूरी थी, लेकिन 5 मंजिलों पर 25 से ज्यादा कमरे बना लिए। होटल के पास फायर NOC नहीं थी और आने-जाने का एक ही रास्ता था।
मृतकों में 11 विदेशी और 10 भारतीय हैं। विदेशियों में 9 अफ्रीकी देशों और 2 तुर्कमेनिस्तान के नागरिक हैं। शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट होगा। पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है।
लवकेश और अन्य पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आग लगने की वजह का अब तक पता नहीं चला है।

