साउथ अफ्रीका में ताबड़तोड़ गोलीबारी, 12 से ज्यादा लोगों की मौत

दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग के क्लीवलैंड में बंदूकधारियों की गोलीबारी में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए।

दक्षिण अफ़्रीका के जोहान्सबर्ग में एक सामूहिक गोलीबारी की घटना सामने आई है. पुलिस के मुताबिक़, इस घटना में कम से कम 12 वयस्कों की मौत हो गई है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं.

इस गोलीबारी में नौ अन्य लोग घायल हुए हैं, इन सभी को गोली लगी है. इनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है.

यह घटना मंगलवार देर रात क्लीवलैंड की एक झुग्गी बस्ती में हुई. हमलावरों की तलाश के लिए छानबीन जारी है. पुलिस ने बयान में कहा, “एक पेट्रोल पंप के पास एक सफ़ेद टोयोटा क्वांटम से 10 से ज़्यादा संदिग्ध उतरे.”

बयान में आगे कहा गया, “ये संदिग्ध, इस झुग्गी बस्ती के दोनों रास्तों से अंदर घुसे और उसे चारों ओर से घेरकर गोलीबारी शुरू कर दी. संदिग्धों ने वहां के स्थानीय लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की. और फिर वे उसी गाड़ी से फ़रार हो गए.”

दक्षिण अफ़्रीका, दुनिया के सबसे ज़्यादा हत्या दर वाले देशों में से एक है. यहां हर दिन औसतन 60 लोगों की हत्या होती है. इन झुग्गी बस्तियों में गोलीबारी की घटनाएं आम हैं. कई बार ये घटनाएं गैंग हिंसा या निजी विवाद से जुड़ी होती हैं.

स्थानीय पुलिस ने बताया कि उन्हें मंगलवार की रात क़रीब 11:10 पर गोलीबारी की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस मौक़े पर पहुंची. पुलिस ने कहा कि हमले का कारण अभी साफ़ नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button