गोरखपुर में 29.63 लाख मतदाता करेंगे पंचायत चुनाव में मतदान, 1273 ग्राम पंचायतों के लिए बनाए गए 4626 बूथ

गोरखपुर में पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी हो गई है। जिले में कुल 29.63 लाख मतदाता हैं और 1273 ग्राम पंचायतों के 4626 बूथों पर मतदान होगा। पुनरीक्षण में 6.03 लाख नए नाम जुड़े, जबकि 5.64 लाख नाम हटाए गए। सभी बूथों पर करीब 900 मतदाता मतदान करेंगे। सूची जारी होते ही गांवों में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशी मतदाता सूची की जांच में जुट गए हैं।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर।

अंतिम मतदाता सूची जारी, गांवों में बढ़ी चुनावी हलचल

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर गोरखपुर जिले में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद गांवों का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। भले ही चुनाव की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन मतदाता सूची जारी होते ही संभावित प्रत्याशियों और समर्थकों ने अपने-अपने चुनावी समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। गांवों की चौपालों पर पंचायत चुनाव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

पुनरीक्षण के बाद जिले में 29.63 लाख मतदाता

मतदाता सूची के पुनरीक्षण के बाद जिले में कुल 29,63,142 मतदाता दर्ज किए गए हैं। पुनरीक्षण के दौरान 6,03,576 नए नाम जोड़े गए, जबकि डुप्लीकेट और विस्थापित श्रेणी के 5,64,149 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इस प्रकार कुल 39,427 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।

जिले की 1273 ग्राम पंचायतों में मतदान के लिए कुल 4626 मतदान केंद्र (बूथ) बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर औसतन 900 मतदाता मतदान करेंगे।

पहली बार मिलेगा अलग स्टेट वोटर नंबर

इस बार सभी मतदाताओं को पहली बार अलग-अलग स्टेट वोटर नंबर आवंटित किया गया है। यह नौ अंकों और अक्षरों का विशेष पहचान नंबर होगा। मतदाता सूची के वितरण के लिए पुनरीक्षण कार्य में लगे 1941 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सूची उपलब्ध करा दी गई है।

बीएलओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे गांवों में जाकर मतदाता सूची का सार्वजनिक वाचन करें, ताकि लोग अपने नामों की जांच कर सकें। हालांकि पहले दिन कई गांवों में लोग बीएलओ का इंतजार करते रहे।

गांवों में नाम जुड़ने और कटने को लेकर बढ़ी उत्सुकता

बुधवार दोपहर बाद बीएलओ मतदाता सूची लेकर गांवों में पहुंचे। कई गांवों में प्रशासक बने निवर्तमान प्रधान, पूर्व प्रधान और उनके समर्थक भी सूची देखने के लिए जुट गए। लोग विशेष रूप से यह जानने को उत्सुक दिखे कि किन मतदाताओं के नाम जुड़े हैं और किनके कटे हैं।

जिन गांवों में बीएलओ नहीं पहुंचे, वहां लोगों ने फोन कर संपर्क साधा। संभावित प्रत्याशियों और ग्राम प्रधानों के घरों पर देर शाम तक समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा और चुनावी चर्चाएं होती रहीं।

प्रत्याशी और प्रधान मतदाता सूची की जांच में जुटे

लहसड़ी के ग्राम प्रधान राधेश्याम जायसवाल ने कहा कि फिलहाल सबसे पहले मतदाता सूची की जांच की जा रही है। यदि समर्थकों के नाम सूची में नहीं होंगे तो चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।

वहीं, डुमरैला के पूर्व प्रधान रवि शंकर ने कहा कि समर्थकों के नाम कटने या बने रहने की जानकारी लेने के लिए लगातार फोन आ रहे हैं। पंचायत चुनाव में मतदाता सूची ही जीत और हार का आधार तय करती है, इसलिए इसकी बारीकी से जांच जरूरी है।

जल्द वेबसाइट पर उपलब्ध होगी मतदाता सूची

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार अंतिम मतदाता सूची जल्द ही राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। इसके अलावा सभी तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों पर भी मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। सभी बीएलओ को भी सूची सौंप दी गई है।

ब्लॉकवार मतदाताओं की संख्या

ब्लॉक मतदाता
भटहट 1,71,912
उरुवा 1,56,906
ब्रह्मपुर 1,73,893
जंगल कौड़िया 1,11,125
पिपराइच 1,43,856
गगहा 1,60,987
पाली 1,03,036
कैंपियरगंज 1,76,972
चरगावां 1,46,799
गोला 1,24,973
बड़हलगंज 1,58,643
खोराबार 1,32,920
बेलघाट 1,80,503
सरदारनगर 1,41,410
सहजनवा 1,31,926
पिपरौली 1,77,020
खजनी 1,75,067
बांसगांव 1,40,419
कौड़ीराम 1,50,573
भरोहिया 1,04,202
कुल 29,63,142

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button