यूपी में जनगणना का पहला चरण पूरा: गोरखपुर में मकान गणना संपन्न, 30 जून तक मोबाइल से ऐप नहीं हटाने के निर्देश

जनगणना-2027 के पहले चरण में मकान सूचीकरण और गणना का कार्य पूरा, छूटे मकानों का भी हुआ सर्वे; फरवरी 2027 में होगा जनसंख्या गणना का दूसरा चरण

गोरखपुर। जनगणना-2027 के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। अंतिम दिनों में प्राप्त शिकायतों के आधार पर छूटे हुए मकानों का भी सर्वे कर गणना प्रक्रिया को पूर्ण किया गया। प्रशासन ने प्रगणकों को 30 जून तक अपने मोबाइल फोन से जनगणना ऐप डिलीट न करने के निर्देश दिए हैं।

जिले में निर्धारित समयसीमा से चार दिन पहले ही सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में मकान गणना का कार्य पूरा कर लिया गया था। इसके बाद प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर उन परिवारों और मकानों की गणना कराई, जो किसी कारणवश छूट गए थे।

जिला प्रशासन के अनुसार, पहले चरण के दौरान मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा बुनियादी संसाधनों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की गई हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर आगामी दूसरे चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा, जो फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।

जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश ने बताया कि जनगणना कार्यालय में आगे की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी प्रगणकों को निर्देश दिया है कि वे 30 जून तक अपने मोबाइल फोन से जनगणना ऐप डिलीट न करें। इस संबंध में सभी समूहों में संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी प्रगणक अनजाने में ऐप हटाने की गलती न करे।

20 जून तक ही उपलब्ध थी संशोधन की सुविधा

अधिकारियों के अनुसार 20 जून तक मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आंकड़ों में संशोधन की सुविधा उपलब्ध थी। अब पोर्टल पर किसी भी प्रकार का सुधार नहीं किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त आंकड़ों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू होगी।

देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना

जनगणना-2027 देश की पहली पूर्ण डिजिटल जनगणना है, जिसमें प्रगणकों द्वारा मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आंकड़े एकत्र किए जा रहे हैं। इससे डेटा संग्रहण की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक संचालित किया गया। अब दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी, जिसके लिए पहले चरण में जुटाए गए आंकड़े आधार बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button