
महिला का भेष बनाकर चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश, दो और आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी से बचने के लिए पहनते थे महिलाओं के कपड़े, नकदी और चांदी के सिक्के बरामद
आयाम स्वरूप, गोरखपुर
गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला का भेष बनाकर वारदात करने वाले गैंग के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस इस गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी ने प्रेस वार्ता में किया खुलासा
कोतवाली थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि आरोपी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए महिला का भेष धारण करते थे। उनका उद्देश्य लोगों के शक से बचना और सीसीटीवी कैमरों में पहचान छिपाना था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान उर्फ रियासत और राशिद खान के रूप में की है।
ई-रिक्शा चालक निभाता था अहम भूमिका
पुलिस जांच में सामने आया कि राशिद खान ई-रिक्शा चालक है। वह गैंग के सदस्यों को वारदात स्थल तक पहुंचाने और घटना के बाद वापस लाने का काम करता था।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि महिला का भेष धारण कर चोरी करने का आइडिया गैंग के सदस्य अरबाज ने दिया था। वह घर की महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अरबाज को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
आरोपियों से क्या-क्या हुआ बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 22 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नौ चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरे खुलासे में कोतवाली प्रभारी क्षेत्रपाल सिंह, नखास चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार वैश्य, बक्शीपुर चौकी प्रभारी आदित्य कुमार पांडे सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

