
गोरखपुर से CM योगी पौधारोपण महायज्ञ का करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जुलाई को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ करेंगे। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वे पौधरोपण कर जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जुलाई (रविवार) को गोरखपुर से प्रदेशव्यापी पौधरोपण महायज्ञ 2026 का शुभारंभ करेंगे। वे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास और आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाएंगे। इस मौके पर जनसभा कर वो प्रदेशवासियों को पौधरोपण महायज्ञ में जिम्मेदारीपूर्वक हिस्सेदारी करने का आह्वान करेंगे। पौधरोपण महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के वन और पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 8:00 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पास, भगवानपुर टोल प्लाजा के समीप पौधरोपण कर महायज्ञ की शुरुआत करेंगे। इसके बाद सुबह 9:25 बजे स्मार्टव्हील रामगढ़झील रिंग रोड के किनारे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाए जाएंगे।
इस एक दिवसीय महाभियान के अंतर्गत केवल गोरखपुर जिले में 55 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गोरखपुर के प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह के अनुसार गोरखपुर जिले को मिले लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी पौधशालाओं में गुणवत्तायुक्त पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। पौधों के बेहतर विकास एवं उत्तरजीविता के लिए चिन्हित रोपण स्थलों पर एडवांस सॉयल वर्क के अंतर्गत गड्ढा खुदाई, टॉप सॉयल की व्यवस्था, पौधरोपण स्थलों का विकास, पौध संरक्षण हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं तथा अन्य तैयारियां पहले से पूर्ण हैं।

