
‘एक शादी करने वाला ही मध्य प्रदेश में रह पाएगा’- सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कटनी में कहा कि मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू होगी और एक शादी करने वाला ही राज्य में रह पाएगा।
यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर कहा कि अब एक शादी करने वाले को ही कानूनन मध्य प्रदेश में रहने का अधिकार होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में जब एक देश, एक विधान, एक प्रधान और एक निशान की व्यवस्था होनी चाहिए, तो अलग-अलग समुदायों के लिए अलग-अलग कानून क्यों होने चाहिए.
कुछ दिन पहले सीएम मोहन यादव ने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि था अगर भगवान रामचंद्र एक शादी करते हैं, तो रहीम से भी एक ही शादी की अपेक्षा की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि मुस्लिम महिलाएं भी हमारी बहनें हैं और उन्हें भी समान अधिकार मिलने चाहिए. उनके मुताबिक सरकार का उद्देश्य किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव करना नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून और समान अधिकार सुनिश्चित करना है.
मोहन यादव ने कहा कि हिंदुओं और मुसलमानों के लिए अलग-अलग कानून क्यों हो. सबके लिए एक ही कानून होना चाहिए। अगर राम एक शादी करेगा तो रहीम दो से अधिक शादी क्यों करेगा। मुस्लिम बहनें भी हमारी बहनें हैं और उनके अधिकारों की रक्षा जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस खत्म हो रही है। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की और अब यूसीसी को भी हिंदू-मुस्लिम के चश्मे से देख रही है.
राज्य में यूसीसी को लागू करने और इसे कानून का रूप देने के लिए, मध्य प्रदेश विधानसभा के मॉनसून सत्र में समान नागरिक संहिता से जुड़ा विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है.

