
पी वी सिंधू जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय
पीवी सिंधू ने जापान ओपन 2026 के महिला एकल फाइनल में जापान की अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराकर खिताब जीत लिया। वह जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।
भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने आखिरकार अपने लंबे खिताबी इंतजार को खत्म करते हुए जापान ओपन 2026 का महिला एकल खिताब जीत लिया। टोक्यो में खेले गए बीडब्ल्यूएफ सुपर-750 टूर्नामेंट के फाइनल में सिंधु ने मेजबान जापान की विश्व नंबर-तीन अकाने यामागुची को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से हराकर इतिहास रच दिया। करीब 50 मिनट तक चले मुकाबले में सिंधू ने शुरुआत से अंत तक आक्रामक खेल दिखाया और यामागुची को वापसी का मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ वह जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।
सिंधु के लिए यह जीत कई मायनों में खास रही। उन्होंने दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल जीतने के बाद पहली बार कोई बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब अपने नाम किया। वहीं, अगर सुपर-750 या उससे बड़े स्तर के टूर्नामेंट की बात करें तो सिंधू ने करीब सात साल बाद कोई बड़ा खिताब जीता है। उनका पिछला बड़ा खिताब 2019 विश्व चैंपियनशिप था, जिसमें उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।
सिंधू और अकाने यामागुची के बीच यह 30वीं भिड़ंत थी। इस जीत के बाद भारतीय स्टार ने हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। दोनों खिलाड़ियों के बीच पिछले कुछ वर्षों में कई यादगार मुकाबले हुए हैं, लेकिन इस बार सिंधू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापानी स्टार को उनके घरेलू दर्शकों के सामने मात दी।

