
गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी करेंगे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 14 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 जुलाई को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें गोरखपुर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर, फोरलेन सड़क, महिला छात्रावास, साइंस म्यूजियम, रेल अंडरपास, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और कई सीसी रोड-नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से यातायात, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और शहरी सुविधाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर, । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (23 जुलाई) को गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने सिक्सलेन फ्लाईओवर के समीप आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 813.52 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

सिक्सलेन फ्लाईओवर और फोरलेन सड़क से यातायात को मिलेगी नई रफ्तार
लोकार्पण की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किलोमीटर लंबा गोरखपुर का पहला सिक्सलेन फ्लाईओवर शामिल है। देवरिया बाईपास तिराहे को भी फ्लाईओवर से जोड़ा गया है, जिससे अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा।
फ्लाईओवर शुरू होने के बाद संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, बिहार, महराजगंज और नेपाल की ओर आने-जाने वाले लोगों की यात्रा अधिक सुगम और तेज हो जाएगी।
इसके अलावा पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सड़क के फोरलेन चौड़ीकरण का भी लोकार्पण किया जाएगा, जिससे महानगर की आंतरिक सड़क कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
लोकार्पण की अन्य परियोजनाओं में गुलरिहा थाने में 48 क्षमता वाले हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण तथा एयरपोर्ट टर्मिनल विस्तार के लिए एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग शामिल है।
इन 10 विकास परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे।
इनमें नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट मार्ग तक लेवल क्रॉसिंग पर अंडरपास एवं सर्विस रोड, मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस तथा विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री इन परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
- टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर (देवरिया बाईपास तिराहे को फ्लाईओवर से जोड़ते हुए) – लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये।
- पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सड़क का फोरलेन चौड़ीकरण – लागत 277 करोड़ 77 लाख 94 हजार रुपये।
- एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग – लागत 103 करोड़ 51 लाख 17 हजार रुपये।
- थाना गुलरिहा में 48 क्षमता वाले हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण – लागत 2 करोड़ 74 लाख 4 हजार रुपये।
इन विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
- मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण – लागत 47 करोड़ 38 लाख 47 हजार रुपये।
- नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक लेवल क्रॉसिंग पर अंडरपास एवं सर्विस रोड – लागत 73 करोड़ 64 लाख 49 हजार रुपये।
- राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम का निर्माण – लागत 49 करोड़ 60 लाख 49 हजार रुपये।
- टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण – लागत 7 करोड़ 6 लाख 75 हजार रुपये।
- राप्तीनगर स्थित डिपो कार्यशाला की टायर शॉप का उच्चीकरण – लागत 2 करोड़ 46 लाख 99 हजार रुपये।
- वार्ड संख्या 18 पवन विहार में सीसी रोड का निर्माण – लागत 49 लाख 72 हजार रुपये।
- वार्ड संख्या 25 गिरधरगंज में सीसी रोड का निर्माण – लागत 23 लाख 46 हजार रुपये।
- वार्ड संख्या 20 लच्छीपुर में सीसी रोड एवं नाली निर्माण – लागत 48 लाख 99 हजार रुपये।
- मोहल्ला नंदानगर दरगहिया में सीसी रोड एवं नाली निर्माण – लागत 8 लाख 9 हजार रुपये।
- वार्ड संख्या 70 चंद्रशेखर आजाद नगर में सीसी रोड एवं नाली निर्माण – लागत 29 लाख 56 हजार रुपये।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से गोरखपुर में यातायात, महिला सशक्तिकरण, तकनीकी शिक्षा, शहरी बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

