गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने किया सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 14 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के पहले 2.6 किमी लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने विपक्ष पर आस्था, सुरक्षा और विकास को लेकर निशाना साधा। कार्यक्रम में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, रोजगार, स्वच्छता, पौधारोपण और शहर के तेज विकास पर जोर दिया। इससे आवागमन आसान होगा और गोरखपुर के विकास को नई गति मिलेगी।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने जिले के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 813.52 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने विकास, कानून व्यवस्था, रोजगार, आस्था और विपक्ष की राजनीति जैसे विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।

सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सत्ता में रहते हुए आस्था पर प्रहार करने वाले आज स्वयं को सबसे बड़ा आस्थावान बताने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के मुंह से आस्था पर उपदेश सुनना हास्यास्पद लगता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में बाधा डाली और रामभक्तों पर गोली चलवाई, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व और मंदिर आंदोलन के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखा। ऐसे दल आज आस्था की बात कर रहे हैं, यह जनता अच्छी तरह समझती है।

2017 से पहले की स्थिति का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब थी। आए दिन दंगे होते थे और होली, दुर्गापूजा, विजयदशमी, रामनवमी, कृष्ण जन्माष्टमी जैसे पर्वों पर तनाव की स्थिति बन जाती थी। उन्होंने कहा कि उस समय कांवड़ यात्रा तक नहीं निकलने दी जाती थी।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने युवाओं को नौकरी और रोजगार से वंचित किया, किसानों के अधिकारों की अनदेखी की और बहन-बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा को भी संकट में डाल दिया।

इंसेफेलाइटिस और युवाओं के भविष्य पर टिप्पणी

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस हजारों बच्चों की जान ले रहा था, लेकिन तत्कालीन सरकारें उदासीन बनी रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने बच्चों और युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय किया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में सरकारी नौकरियों पर “सैफई सिंडिकेट” का कब्जा रहता था और योग्य युवाओं के साथ अन्याय होता था। जबकि वर्तमान सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ नौ वर्षों में 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।

पहचान का संकट समाप्त हुआ

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था, जिसका असर उनकी पढ़ाई, नौकरी और भविष्य पर पड़ता था। भाजपा सरकार ने सुरक्षा और विकास का माहौल बनाकर इस संकट को समाप्त किया है।

गोरखपुर में निवेश और रोजगार बढ़ा

सीएम योगी ने कहा कि एक दशक पहले गोरखपुर की पहचान माफिया, अपराध और मच्छरों के कारण थी। निवेशक यहां आने से बचते थे और गीडा में उद्योग लगाने को तैयार नहीं होते थे। आज कानून व्यवस्था मजबूत होने के कारण बड़े पैमाने पर निवेश आया है और केवल गीडा क्षेत्र में लगभग 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। अब गोरखपुर में जमीन खरीदना और मकान बनाना लोगों की पहली पसंद बन गया है।

चीनी मिलों और रोजगार पर विपक्ष पर हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद हुईं और इनमें से 21 को बेहद कम कीमत पर बेच दिया गया। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पडरौना चीनी मिल को मात्र दो करोड़ रुपये में बेच दिया गया, जबकि उसकी जमीन की कीमत ही लगभग 200 करोड़ रुपये थी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सरकारी नौकरियों के साथ-साथ एक जिला एक उत्पाद (ODOP) योजना के माध्यम से पारंपरिक उद्योगों को बढ़ावा दिया है। इसके तहत सवा तीन करोड़ युवाओं और कारीगरों ने अपने उद्यम शुरू किए तथा निजी निवेश के माध्यम से 65 लाख लोगों को रोजगार मिला।

डबल इंजन सरकार में हुआ व्यापक विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार आने पर विकास स्वतः तेज होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इंसेफेलाइटिस पर नियंत्रण किया, हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले, गोरखपुर में एम्स की स्थापना की और बीआरडी मेडिकल कॉलेज को मजबूत बनाया। साथ ही वर्षों से बंद पड़ा उर्वरक कारखाना फिर से चालू कराया, जिससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो रही है।

उन्होंने गोरखपुर में मुक्तेश्वरनाथ मंदिर के पुनरोद्धार का उल्लेख करते हुए बताया कि झारखंडी महादेव मंदिर के पुनरोद्धार का प्रस्ताव भी मंगाया गया है।

रामगढ़ताल बना पर्यटन और रोजगार का केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो रामगढ़ताल कभी गंदगी, सुनसान वातावरण और अपराध के लिए जाना जाता था, आज वह शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन चुका है। यहां देर रात तक परिवार घूमने आते हैं, फिल्मों की शूटिंग होती है और हजारों लोगों को आजीविका मिल रही है।

सुगम यातायात से बढ़ेगी प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर किसी भी क्षेत्र की प्रगति का आधार होता है। उन्होंने बताया कि पहले गोरखपुर से लखनऊ जाने में 7-8 घंटे लगते थे, जबकि अब यह दूरी लगभग साढ़े तीन घंटे में पूरी हो जाती है। इसी प्रकार वाराणसी की यात्रा भी अब ढाई घंटे के आसपास पूरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर से अब 14 हवाई उड़ानें संचालित हो रही हैं तथा रेलवे कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है। वंदे भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनों का संचालन शुरू होने के साथ रेलवे स्टेशन भी आधुनिक बनाए जा रहे हैं।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मुख्यमंत्री ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष रूप से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कूड़ा नालियों या सड़कों पर न फेंका जाए और नालों पर अतिक्रमण न होने दिया जाए ताकि जलभराव और बीमारियों की समस्या न बढ़े।

उन्होंने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करने और पौधों की सुरक्षा का भी आह्वान किया। साथ ही वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को बढ़ावा देने तथा गोरखपुर के जल संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।

रविकिशन, महापौर और विधायक ने भी रखे विचार

सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर का भविष्य बदल दिया है। उन्होंने कहा कि जो शहर कभी टूटी सड़कों के लिए जाना जाता था, वहां आज सिक्सलेन फ्लाईओवर जैसी आधुनिक परियोजनाएं बन रही हैं।

महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर को लगातार नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। वहीं विधायक विपिन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और वर्ष 2027 में भी भाजपा सरकार बनने का विश्वास है।

सिक्सलेन फ्लाईओवर का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण किया। उन्होंने फ्लाईओवर पर पैदल निरीक्षण भी किया और बाद में पूरे फ्लाईओवर से होते हुए जनसभा स्थल पहुंचे।

इन चार परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण (813.52 करोड़ रुपये)

  1. टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर देवरिया बाईपास तिराहे को जोड़ते हुए 2.6 किमी लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर429.49 करोड़ रुपये
  2. पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहा तक मार्ग का फोरलेन चौड़ीकरण277.77 करोड़ रुपये
  3. एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग103.51 करोड़ रुपये
  4. थाना गुलरिहा में 48 क्षमता वाले हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण2.74 करोड़ रुपये

इन 10 परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास (181.77 करोड़ रुपये)

  1. मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास – 47.38 करोड़ रुपये
  2. नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक अंडरपास एवं सर्विस रोड – 73.64 करोड़ रुपये
  3. विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम – 49.60 करोड़ रुपये
  4. राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस – 7.06 करोड़ रुपये
  5. राप्तीनगर डिपो कार्यशाला स्थित टायर शॉप का उच्चीकरण – 2.46 करोड़ रुपये
  6. वार्ड 18 पवन विहार में सीसी रोड निर्माण – 49.72 लाख रुपये
  7. वार्ड 25 गिरधरगंज में सीसी रोड निर्माण – 23.46 लाख रुपये
  8. वार्ड 20 लच्छीपुर में सीसी रोड एवं नाली निर्माण – 48.99 लाख रुपये
  9. मोहल्ला नंदानगर दरगहिया में सीसी रोड एवं नाली निर्माण – 8.09 लाख रुपये
  10. वार्ड 70 चंद्रशेखर आजाद नगर में सीसी रोड एवं नाली निर्माण – 29.56 लाख रुपये

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में सांसद विजय दूबे, सांसद रविकिशन शुक्ल, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button