गोरखपुर में 41 केंद्रों पर होगी UPPCS प्रारंभिक परीक्षा

गोरखपुर में 12 अक्टूबर को राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 41 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी जिसमें 19224 अभ्यर्थी शामिल होंगे। मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। परीक्षा केंद्रों पर एआई आधारित कैमरे लगाए गए हैं जो बार-बार सिर हिलाने पर अभ्यर्थी की जांच करेंगे।

गोरखपुर। उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से 12 अक्टूबर को आयोजित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025, सहायक वन संरक्षक व क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा शहर के 41 केंद्रों पर होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 19,224 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने लखनऊ से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की समीक्षा की। आयुक्त सभागार में आयोजित इस बैठक में कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीएम दीपक मीणा, एसएसपी राज करन नय्यर, एडीएम सिटी व नोडल अधिकारी परीक्षा अंजनी कुमार सिंह और डीआइओएस अमरकांत सिंह मौजूद रहे।
परीक्षा के नोडल अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर औसतन 480 परीक्षार्थी दोनों पालियों में परीक्षा देंगे। जिले में दो सरकारी व 39 गैर सरकारी विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की शुचिता एवं सुरक्षा को देखते हुए 41 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 41 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
सभी कक्षों में एआइ आधारित कैमरे होंगे। परीक्षा के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी ने बार-बार सिर हिलाया तो कंट्रोल रूम से ही संबंधित परीक्षा केंद्र को सूचना भेज दी जाएगी और अभ्यर्थी की जांच शुरू हो जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव एसपी गोयल ने निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button