गोरखपुर में ऑनलाइन मंगाए गए पिज्जा में कीड़े मिलने की शिकायत,  पिज्जा आउटलेट पर FSDA का छापा

शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, किचन में पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था में मिली कमी; पनीर का नमूना जांच के लिए भेजा गया

आयाम स्वरूप, गोरखपुर।

गोरखपुर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के माध्यम से मंगाए गए पिज्जा में कथित तौर पर कीड़े मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने मेडिकल कॉलेज रोड स्थित पिज्जा आउटलेट पर छापेमारी कर जांच की। निरीक्षण के दौरान किचन में पेस्ट कंट्रोल की समुचित व्यवस्था नहीं मिलने पर विभाग ने सुधार संबंधी नोटिस जारी किया है। साथ ही जांच के लिए पनीर का नमूना प्रयोगशाला भेजा गया है।

ऑनलाइन ऑर्डर के बाद उपभोक्ता ने दर्ज कराई शिकायत

सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई उपभोक्ता आनंद कृष्णा की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के जरिए मेडिकल कॉलेज रोड स्थित पिज्जा आउटलेट से पिज्जा ऑर्डर किया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिज्जा में मिलावट के साथ-साथ कीड़े भी मिले, जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से की।

जांच में किचन में मिली पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था की कमी

शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव और ओम प्रकाश की टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि किचन में कीट-पतंगों की रोकथाम और पेस्ट कंट्रोल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

इस पर विभाग ने प्रतिष्ठान को सुधार संबंधी नोटिस जारी करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

पनीर का नमूना लैब भेजा गया

जांच के दौरान टीम ने पिज्जा में इस्तेमाल होने वाले पनीर का नमूना लेकर उसे परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अब लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संचालक ने आरोपों से किया इनकार

पूछताछ के दौरान प्रतिष्ठान संचालक ने दावा किया कि पिज्जा में मिले कथित कीड़े उनके यहां से नहीं गए और यह किसी बाहरी कारण से भी हो सकता है।

सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button