
तेलंगाना के रंगारेड्डी में बस-ट्रक की टक्कर, 19 लोगों की मौत
तेलंगाना में सड़क दुर्घटना में 19 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रंगारेड्डी जिले के चेवेल्ला मंडल में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है।
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। बजरी से भरे ट्रक और सार्वजनिक परिवहन बस की आमने-सामने टक्कर में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा चेवेल्ला के पास स्टेट हाईवे पर हुआ। टक्कर के बाद ट्रक में लदी बजरी बस पर गिर गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। बस तंदूर से चेवेल्ला जा रही थी और उसमें लगभग चालीस यात्री सवार थे। हैदराबाद पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक और आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक, एक महिला कंडक्टर और अन्य घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
तेलंगाना सीएमओ के मुताबिक़, उन्होंने अधिकारियों को ज़रूरी राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री तथा रंगारेड्डी जिले के प्रभारी मंत्री दुदिल्ला श्रीधर बाबू ने चेवेल्ला मंडल के मिर्जागुडा के पास हुई इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और प्रारंभिक रूप से यह माना जा रहा है कि ट्रक की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई।

