
किस का होगा बिहार, नतीजे में बस एक दिन का इंतजार और
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में बस एक दिन का इंतजार है। इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान हुआ। पहले चरण में 121 सीटों पर रिकॉर्ड 65.08 फीसदी, जबकि दूसरे चरण में रिकॉर्ड 69.20% मतदान हुआ।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों का इंतजार खत्म होने वाला है। शुक्रवार सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी, जिसके बाद शुरुआती रुझान सामने आने लगेंगे। इस बार दो चरणों में हुए मतदान में रिकॉर्ड 67% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सर्वोच्च आंकड़ा है। खास बात यह रही कि महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से 9% अधिक रही, जिससे स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि इस बार महिला मतदाताओं की भूमिका निर्णायक रहने वाली है। पूरे राज्य में मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
मंगलवार को मतदान संपन्न होने के बाद आए लगभग सभी सर्वेक्षण एजेंसियों के एग्जिट पोल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया है। इन सर्वेक्षणों के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने की संभावना जताई गई है। लेकिन असल नतीजे के लिए हमें एक दिन का और इंतजार करना होगा।

