
‘धुरंधर’ के कायल हुए ऋतिक, जमकर की फिल्म की तारीफ
इन दिनों रणवीर सिंह की स्पाई ड्रामा फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर जमकर कलेक्शन कर रही है। इस फिल्म की तारीफ बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर्स भी कर रहे हैं। हाल ही में ऋतिक रोशन और अक्षय कुमार ने फिल्म को खूब सराहा।
हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘धुरंधर’ में अभिनय के लिए एक्टर अक्षय खन्ना की काफ़ी तारीफ़ हो रही हैं। अभिनेता ऋतिक रोशन ने भी फ़िल्म के क्राफ़्ट, अभिनय और अन्य कई पहलुओं की जमकर तारीफ़ की लेकिन सबसे अधिक चर्चा उनके एक बयान की हो रही है। ऋतिक रोशन ने कहा कि वो भले ही इस ‘फ़िल्म के राजनीतिक मैसेज से सहमत नहीं’ हैं, फिर भी इसकी मजबूत कहानी उन्हें पसंद आई। ऋतिक रोशन ने भी अपने इंस्टाग्राम पेज के स्टोरी सेक्शन एक पोस्ट ‘धुरंधर’ फिल्म के नाम लिखी। वह अपनी पोस्ट में इस फिल्म को अमेजिंग कहते हैं। इस फिल्म की स्टोरीटेलिंग के ऋतिक कायल हो गए हैं। उनका कहना है कि सिनेमा के एक स्टूडेंट होने के नाते उन्होंने इस फिल्म से काफी कुछ सीखा है।
ऋतिक ने लिखा, “धुरंधर अभी भी मेरे दिमाग से नहीं निकल रही है, आदित्य धर आप कमाल के फ़िल्म निर्माता हैं। रणवीर- ख़ामोशी से उग्रता तक का सफ़र, क्या ग़ज़ब का सफ़र और कमाल की निरंतरता. अक्षय खन्ना हमेशा से मेरे पसंदीदा रहे हैं और यह फ़िल्म इसका सबूत है। एक्टर माधवन- कमाल का अभिनय, गरिमा, शक्ति और सम्मान।”
फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, राकेश बेदी और डेनिश पंडोर जैसे उम्दा एक्टर्स नजर आए। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर छह दिनों में ही लगभग 180 करोड़ की कमाई कर ली है।

