
कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर के दाम बढ़े, पहुंचे ₹2 हजार के पार
बुधवार को दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत (LPG Price Hike) में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब 19 किलोग्राम का सिलेंडर 2,078.50 रुपये में मिलेगा।
बुधवार को कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई। यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक तेल कीमतों में आई तेजी की वजह से हुई है। सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, अब दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत 2,078.50 रुपये हो गई है। इससे पहले पिछली बार 1 मार्च को 19 किलोग्राम वाले सिलिंडर की कीमत में 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
घरेलू कुकिंग गैस LPG की कीमतों में कोई इजाफा नहीं किया गया है, जिनमें आखिरी बार 7 मार्च को बढ़ोतरी की गयी थी। तब 14.2 किलोग्राम वाले सिलिंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। उस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलिंडर की कीमत 913 रुपये कर दी गयी थी।
सरकारी तेल कंपनियां इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विनिमय दर के आधार पर एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) और LPG की कीमतों में बदलाव करती हैं।
पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण एनर्जी सप्लाई चेन में रुकावट आने के बाद, दुनिया भर में तेल की कीमतें लगभग 50 प्रतिशत बढ़ गई हैं।

