ISRO के प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए DDU की दो छात्राओं का चयन, वैज्ञानिकों के साथ करेंगी शोध

आयाम स्वरूप, गोरखपुर

गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग (फिजिक्स डिपार्टमेंट) की एमएससी द्वितीय सेमेस्टर की दो छात्राओं तनिष्का पांडेय और आयुषी वर्मा का चयन एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं मुंबई स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ जियोमैग्नेटिज्म और ISRO द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित “समर स्कूल ऑन स्पेस वेदर” कार्यक्रम में भाग लेंगी।

तनिष्का पाण्डेय
आयुषी वर्मा

डॉ. निखिल कुमार की अनुशंसा से मिला अवसर

विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. निखिल कुमार की अनुशंसा पर दोनों छात्राओं को इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्त हुआ है।

इस कार्यक्रम के दौरान तनिष्का पांडेय और आयुषी वर्मा को इसरो और भारतीय भूचुम्बकत्व संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ कार्य करने, अंतरिक्ष मौसम (स्पेस वेदर) और भूचुम्बकत्व (जियोमैग्नेटिज्म) के क्षेत्र में गहन अध्ययन, शोध एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिलेगा।

विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल

छात्राओं के चयन से विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन, प्रतिकुलपति डॉ. शांतनु रस्तोगी तथा भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार तिवारी ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्राओं के लिए बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च स्तरीय शोध और वैज्ञानिक गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा मिलेगी।

छात्राओं ने जताई खुशी

चयनित छात्राओं तनिष्का पांडेय और आयुषी वर्मा ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इसरो जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के वैज्ञानिकों के साथ काम करने का अवसर मिलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।

उन्होंने कहा, “हम अपने सहायक प्रोफेसर डॉ. निखिल कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिनकी अनुशंसा से हमें यह अवसर मिला। हम इस कार्यक्रम के दौरान अंतरिक्ष मौसम और भूचुम्बकत्व के क्षेत्र में गंभीर शोध कार्य करेंगे तथा देश के अग्रणी वैज्ञानिकों से सीखने का प्रयास करेंगे।”

विद्यार्थियों के लिए बनेगी प्रेरणा

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि तनिष्का पांडेय और आयुषी वर्मा की यह सफलता डीडीयू के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि दोनों छात्राएं कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और गोरखपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button