
ईरान ने कई अमेरिकी सैनिकों को पकड़ने का दावा किया
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने कहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद से कई अमेरिकी सैनिकों को बंदी बनाया गया है। उन्होंने अमेरिका पर अपने सैनिकों को लेकर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया।
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) के प्रमुख अली लारीजानी ने दावा किया है कि ‘कई अमेरिकी सैनिक ईरानी कै़द’ में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “मेरे पास यह जानकारी आई है कि कई अमेरिकी सैनिकों को बंदी बना लिया गया है। लेकिन अमेरिका का दावा है कि वे युद्ध में मारे गए हैं।”
अमेरिकी सेना ने तेहरान के दावों को खारिज कर दिया है कि युद्ध शुरू होने के बाद से ईरानी सेना ने कई अमेरिकी सैनिकों को पकड़ा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता ने इन आरोपों को झूठ बताया है।
शनिवार को ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ईरान को स्कूल पर हमले का जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा, ‘मैंने जो देखा है, उसके आधार पर यह ईरान ने किया है।’ हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक एनालिसिस के हवाले से बताया कि स्कूल पर हमला अमेरिका ने किया था।

