
गोरखपुर : दारोगा से शादी की जिद पर टावर पर चढ़ी युवती
गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र में एक युवती दारोगा से शादी की मांग को लेकर टेलीफोन टावर पर चढ़ गई। करीब चार घंटे के बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
गोरखपुर। गोरखनाथ क्षेत्र में गुरुवार की भोर एक युवती के टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। युवती दारोगा से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही और करीब चार घंटे तक टावर पर बैठी रही। पुलिस और अधिकारियों के काफी समझाने के बाद वह नीचे उतरी।
युवती का आरोप है कि गोरखपुर में तैनात यातायात पुलिस के दारोगा ने उसे शादी का झांसा दिया था, लेकिन बाद में मुकर गया। इस मामले में युवती ने 21 मई 2025 को गाजीपुर के नंदगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। साथ ही वर्ष उसने धमकी दिए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। घटना की सूचना पर संबंधित दारोगा को मौके पर बुलाया गया।
उसने शादी से साफ इनकार करते हुए बताया कि उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में उसे उच्च न्यायालय से स्टे मिला हुआ है और युवती उस पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना गाजीपुर पुलिस को दे दी गई है। नंदगंज थाने की टीम गोरखपुर पहुंचकर युवती को अपने साथ ले जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

