
माली के रक्षा मंत्री सादियो कामारा की आत्मघाती धमाके में मौत
माली के रक्षा मंत्री सादियो कामारा की JNIM के आतंकी हमले में मौत हो गई है. राजधानी बामाको के आसपास बड़े हमलों के बाद देश में हिंसा और तनाव बढ़ गया है. यूएन ने इस पूरे मामले पर चिंता जाहिर की है.
माली में शनिवार को अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वाल-मुस्लिमीन (JNIM) ने बड़ा आतंकी हमला किया। इस हमले में माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा की मौत हो गई।
हमला राजधानी बामाको के बाहर स्थित काटी मिलिट्री बेस पर हुआ, जहां रक्षा मंत्री रहते थे। आतंकियों ने उनके आवास पर सीधा हमला कर दिया, जिससे मंत्री की जान चली गई।
यह हमला कई सालों में सबसे संगठित और खतरनाक माना जा रहा है। JNIM के आतंकियों ने बामाको के आसपास ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य शहरों और सोने की खदानों वाले इलाकों में एक साथ धमाके और गोलीबारी की।
रक्षा मंत्री सादियो कैमारा माली की सेना में प्रमुख भूमिका निभाते थे और हाल के वर्षों में सुरक्षा अभियानों का नेतृत्व कर रहे थे। उनकी मौत से देश में सदमा और राजनीतिक अस्थिरता फैल गई है। रविवार को भी बामाको के पास सैनिक छावनी में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं, जिससे तनाव और बढ़ गया है।
माली और पूरे सहेल क्षेत्र (माली, नाइजर, बुर्किना फासो आदि) में लंबे समय से इस्लामिक आतंकवादी समूह एक्टिव हैं। JNIM, जो अल-कायदा का सहयोगी है, पहले दूर-दराज के इलाकों में हमले करता था, लेकिन इस बार राजधानी के करीब सैन्य अड्डे को निशाना बनाया है
संयुक्त राष्ट्र ने इस हमले पर गहरी चिंता जताई है और माली सरकार से हिंसा रोकने की अपील की है। अभी तक मरने और घायल होने वालों की सही संख्या सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक हताहतों की संख्या काफी हो सकती है।

