
पहाड़ों पर बर्फबारी से दिल्ली यूपी-बिहार में बढ़ी ठिठुरन
नए साल के साथ देश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान में पारा 0 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों, खासकर दिल्ली, यूपी और बिहार में ठिठुरन बढ़ गई है।
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और मौसम की बदलती स्थितियों ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ा है
उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी इलाकों में लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे, शीतलहर और कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है।मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार और ओडिशा में अगले 4-5 दिनों तक घना कोहरा रहने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली, यूपी और राजस्थान में अगले 6-7 दिनों में शीतलहर पड़ने की संभावना जताई गई है।
राजधानी दिल्ली में नए साल की शुरुआत के साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 3 जनवरी को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय कई जगहों पर कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा रहेगा। हवा लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।
उत्तर प्रदेश में 3 जनवरी को कई क्षेत्रों में सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 जनवरी तक यूपी में शीतलहर देखने को मिल सकती है। प्रदेश में शनिवार को ठंड बढ़ने की संभावना है। यूपी से सटे बिहार में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है और रात व सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है। 4 और 5 जनवरी को बिहार में कोल्ड डे को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। IMD ने जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है।

