अमेरिका में बढ़ रहा ‘शटडाउन’ का ख़तरा

अमेरिका में सरकारी शटडाउन की आशंका गहरा गई है। शटडाउन के कारण कई गैर-जरूरी सरकारी सेवाएं बंद हो जाएंगी जिससे हवाई यात्रा आर्थिक रिपोर्ट और छोटे व्यवसायों के लिए लोन प्रभावित होंगे। लगभग 750000 कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजे जाने की आशंका है।

अमेरिकी सीनेट में सरकार को फंड उपलब्ध कराने के लिए डेमोक्रेट्स का प्रस्ताव खारिज हो गया. मतदान में यह बिल 47 बनाम 53 से पास नहीं हो पाया. यह प्रस्ताव सरकार को शटडाउन से बचाने की कोशिश थी, लेकिन 100 सदस्यीय सदन में इसे आवश्यक 60 मतों का समर्थन नहीं मिल सका.
इसके बाद व्हाइट हाउस की वेबसाइट पर शटडाउन का काउंटडाउन क्लॉक लगाया गया. पेज पर इसे “डेमोक्रेट शटडाउन” बताते हुए लिखा गया कि “लोग डेमोक्रेट्स से सहमत नहीं हैं.”
क्या है शटडाउन?
अमेरिकी सरकार को चलाने के लिए हर साल बजट पास करना ज़रूरी होता है. अगर सीनेट और हाउस किसी वजह से सहमत नहीं होते और फंडिंग बिल पास नहीं होता, तो सरकारी एजेंसियों को वेतन नहीं मिल पाता. नतीजतन, “नॉन-एसेंशियल” (ग़ैर-जरूरी) सेवाएं और दफ़्तर बंद हो जाते हैं. इसे ही शटडाउन कहा जाता है.
व्हाइट हाउस के प्रबंधन एवं बजट कार्यालय ने भी ज्ञापन जारी कर पुष्टि की है कि सरकार मंगलवार मध्यरात्रि से बंद हो जाएगी. इस ज्ञापन पर निदेशक रसेल वॉट के हस्ताक्षर हैं.
शटडाउन का असर व्यापक होगा. नेशनल पार्क बंद हो गए हैं और लेबर डिपार्टमेंट के तहत काम करने वाला ब्यूरो ऑफ लेबर स्टैटिस्टिक्स भी बंद रहेगा, शुक्रवार को आने वाली मासिक जॉब रिपोर्ट जारी नहीं होगी. हाल के महीनों में भर्तियों में गिरावट के कारण इस रिपोर्ट का बेसब्री से इंतज़ार था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button