आज सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे नीतीश कुमार

बिहार में नई सरकार का गठन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल सुबह 11:30 बजे शपथ लेंगे, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे।

जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने बताया है कि नीतीश कुमार को आज जेडीयू विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। संजय कुमार झा ने कहा, “आज जेडीयू विधायक दल की बैठक है, जिसमें नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। दोपहर तीन बजे एनडीए विधायक दल की बैठक है, वहां उन्हें (नीतीश कुमार को) नेता चुना जाएगा।” उन्होंने कहा, “शाम को राज्यपाल से मिलकर सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 20 नवंबर को गांधी मैदान में 11:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा।”
बीजेपी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि एनडीए विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश कुमार राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। संजय कुमार झा ने बताया कि इस समारोह में पीएम मोदी और दूसरे राज्यों के एनडीए के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कैबिनेट को लेकर सवाल किए जाने पर संजय कुमार झा ने कहा कि कल नीतीश कुमार के साथ अन्य लोग भी शपथ लेंगे।
बुधवार को एनडीए की ओर से सरकार गठन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। इसी क्रम में भाजपा विधायक दल की बैठक पार्टी कार्यालय में बुलाई गई है। बैठक में विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। इसके लिए भाजपा के संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति सह-पर्यवेक्षक के रूप में पटना पहुंच चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी विधायक दल के नेता चुने जा सकते हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद जदयू के साथ बातचीत और फिर NDA की संयुक्त बैठक आयोजित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button