
गुरु पूर्णिमा पर जनता दर्शन में 200 फरियादियों से मिले सीएम योगी, बोले- हर शिकायत का होगा समाधान
गुरु पूर्णिमा पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 200 लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए। गंभीर मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया और जमीन विवाद के मामलों में जांच के आदेश दिए। इसके बाद सीएम ने गोशाला में गायों को गुड़-रोटी खिलाई और बच्चों को चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।
आयाम स्वरूप, गोरखपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने करीब 200 फरियादियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए जिससे फरियादी पूरी तरह संतुष्ट हो।
गंभीर मरीजों के इलाज में पैसों की कमी नहीं आने देंगे
जनता दर्शन के दौरान कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पैसों की कमी के कारण किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों के उपचार का इस्तीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जमीन कब्जे की शिकायतों पर जांच के निर्देश
जनता दर्शन में गाजीपुर और देवरिया से आए कुछ लोगों ने अपनी जमीन पर कब्जा न मिलने की शिकायत मुख्यमंत्री से की। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों जिलों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मामले की जांच कराई जाए और पात्र लोगों को उनकी जमीन पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बच्चों को चॉकलेट देकर पूछा हालचाल
जनता दर्शन में महिलाओं के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भेंट की, उनका हालचाल पूछा और उनके परिजनों से भी बातचीत की।
गौशाला पहुंचकर गायों को खिलाई गुड़ और रोटी
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई तथा उन्हें दुलार किया।
इसके साथ ही उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी गोवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


