
तेलंगाना में रतन टाटा और ट्रंप के नाम पर होंगी सड़कें
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद की एक सड़क का नाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि इस एलान पर भाजपा भड़क गई है और सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि वे पहले हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर कर दें।
तेलंगाना सरकार ने रविवार को कहा कि राज्य में ग्रीनफील्ड रेडियल रोड का नाम उद्योगपति रतन टाटा के सम्मान में रखने का फैसला किया है। इसके अलावा अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास की सड़क का नाम डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू रखने का फैसला किया गया है। गूगल और गूगल मैप्स के योगदान और वैश्विक प्रभाव को देखते हुए एक सड़क का नाम गूगल स्ट्रीट रखा जाएगा। हैदराबाद में गूगल परिसर भी बन रहा है, जिसे अमेरिका के बाद दुनिया में सबसे बड़ा माना जा रहा है।
इसके अलावा, माइक्रोसाफ्ट और विप्रो को भी उचित सम्मान दिया जाएगा। इस क्रम में विप्रो जंक्शन और माइक्रोसाफ्ट रोड नाम तय किए गए हैं। हालांकि इसे लेकर सीएम रेवंत रेड्डी विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं। तेलंगाना भाजपा ने सीएम के इस प्रस्ताव पर तंज कसा है और उनकी आलोचना की है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रस्ताव दिया है कि हैदराबाद में अमेरिका महावाणिज्य दूतावास जाने वाली सड़क का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा जाए। अगर ऐसा होता है तो ये दुनिया में पहली बार होगा, जब किसी देश में इस तरह से अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति का सम्मान हुआ हो। गौरतलब है कि हैदराबाद में ये परंपरा रही है कि शहर के विकास में योगदान देने वाले राजनेताओं और वैश्विक कंपनियों के नाम पर भी सड़कों के नाम रखे गए हैं, जैसे गूगल स्ट्रीट, जो हैदराबाद में गूगल की मजबूत मौजूदगी को दर्शाती है। इसी तरह वहां ‘माइक्रोसॉफ्ट रोड’ और ‘विप्रो जंक्शन’ हैं।
तेलंगाना से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने तेलंगाना सीएम के इस प्रस्ताव पर तंज कसा है और हैदराबाद का नाम बदलकर भाग्यनगर करने की मांग की। बंदी संजय कुमार ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा, ‘हैदराबाद का नाम बदलकर वापस भाग्यनगर कर दो। अगर कांग्रेस सरकार नाम बदलने के लिए इतनी ही बेताब है, तो उन्हें कुछ ऐसा करना चाहिए जिसका सच में इतिहास और मतलब हो। हम कितने बुरे हालात में जी रहे हैं – एक तरफ केटी रामाराव, केसीआर की AI मूर्तियां बनाने में व्यस्त है, जबकि वे अभी जिंदा हैं। दूसरी तरफ रेवंत रेड्डी ट्रेंड करने वालों के नाम पर जगहों का नाम बदल रहे हैं।

