कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल का निधन

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल का शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र के लातूर में निधन हो गया। वो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।

महाराष्ट्र के लातूर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पाटिल ने लातूर स्थित अपने आवास ‘देवघर’ में अंतिम सांस ली। पाटिल लंबे समय से बीमार चल रहे थे, जिनका घर पर इलाज जारी था। उनके निधन की खबर जैसे ही आई, कांग्रेस पार्टी सहित कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “शिवराज पाटिल जी के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ है। वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
“जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र के लिए उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे…”
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “…पाटिल जी ने रक्षा मंत्रालय समेत कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली और दशकों तक जनता की सेवा की। उनका जाना कांग्रेस परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है।”
शिवराज पाटिल बीमार चल रहे थे और शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े छह बजे उन्होंने महाराष्ट्र के लातूर में अपने घर में अंतिम सांस ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथशिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर राहुल नारवेकर, महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले, एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले समेत कई नेताओं ने शिवराज पाटिल के सार्वजनिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
शिवराज पाटिल मराठवाड़ा के लातूर से सांसद रह चुके हैं। साल 2008 में मुंबई हमले के समय वो देश के गृह मंत्री थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button