
उप राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज संभालेंगी वेनेजुएला की कमान
वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने अमेरिकी सेना द्वारा निकोलस मादुरो को हिरासत में लिए जाने के बाद उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर काम करने का आदेश दिया है।
अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़े जाने के बाद देश के सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की है कि अमेरिकी विशेष बलों ने मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें नार्को-टेररिज्म से जुड़े आरोपों का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि निकोलस मादुरो की अनुपस्थिति में डेल्सी रोड्रिग्ज देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति होंगी। अदालत ने कहा कि यह कदम प्रशासनिक निरंतरता और राष्ट्र की समग्र रक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह आगे इस मामले पर कानूनी ढांचे को लेकर चर्चा करेगा, ताकि राज्य की निरंतरता, सरकार का संचालन और संप्रभुता की रक्षा की जा सके।
पेशे से वकील डेल्सी रोड्रिग्ज ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ वेनेजुएला से पढ़ाई की है। अपने स्टाइल और डिजाइनर फैशन के शौक के लिए भी वह जानी जाती हैं। पिछले एक दशक में उन्होंने तेजी से राजनीतिक ऊंचाइयां हासिल कीं और आज वेनेजुएला की सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं।

