
अमेरिका ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर किया बड़े हवाई हमले
अमेरिका ने सीरिया में बड़ा हवाई हमला किया है, जिसमें इस्लामिक स्टेट के ठिकानों को निशाना बनाया गया। वेनेजुएला में हमले के बाद यह अमेरिकी सेना का इस साल दूसरा बड़ा हमला है।
अमेरिका और सहयोगी सेनाओं ने सीरिया में बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। वेनेजुएला के बाद इस साल यह अमेरिका की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन हमलों में आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (IS) के ठिकानों को निशाना बनाया गया है। ये हमले ऑपरेशन हॉकआई स्ट्राइक का हिस्सा है, जो 13 दिसम्बर को सीरिया में अमेरिकी सेना पर इस्लामिक स्टेट के घातक हमले जवाब में किए गए हैं। सेंट्रल कमांड ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को इन हमलों का निर्देश दिया था। बयान में कहा गया कि ये हमले आतंकवाद से लड़ने और इस क्षेत्र में अमेरिकी और सहयोगी सेनाओं की रक्षा करने के प्रयास में गिए गए।
बीबीसी की रिपोर्ट में अधिकारी के हवाले से बताया गया कि अमेरिका और उसकी सहयोगी सेनाओं ने ऑपरेशन में 35 से ज्यादा ठिकानों पर 90 से ज्यादा हथियार दागे। इस ऑपरेशन में 20 से ज्यादा विमानों ने हिस्सा लिया। हमले में F-15E, A-10, AC-130J, MQ-9 (ड्रोन) और जॉर्डन के F-16 जैसे विमान शामिल हुए। हमला किस जगह किया गया और इसमें कितने आतंकी मारे गए, इस बारे में जानकारी साफ नहीं है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने X पर जारी बयान में कहा, हमारा संदेश साफ है- अगर आप हमारे सैनिकों को नुकसान पहुंचाते हैं, तो हम आपको ढूढ़ निकालेंगे और दुनिया में कहीं भी मार देंगे। चाहे आप न्याय से भागने की कितनी भी कोशिश करें।

