आवारा कुत्तों के लिए मीका सिंह 10 एकड़ जमीन दान करेंगे

पंजाबी सिंगर मीका सिंह ने आवारा कुत्तों के लिए एक नेक कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा है कि वो अपनी 10 एकड़ जमीन आवारा कुत्तों के लिए दान में दे देंगे ताकि उनके लिए शेल्टर होम बनाए जा सकें।

सुप्रीम कोर्ट ने कुछ समय पहले ही आवारा कुत्तों को शहरों से हटाकर शेल्टर होम में भेजे जाने का बड़ा आदेश जारी किया है। हालांकि इस पर सिंगर मीका सिंह ने सुप्रीम कोर्ट से गुहार लगाई है कि वो कोई भी ऐसा फैसला न लें, जिससे आवारा कुत्तों को दिक्कत हो। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया है कि वो खुद इन कुत्तों के लिए 10 एकड़ जमीन दान करेंगे, जहां कुत्तों की ठीक तरह देखभाल हो सके।
रविवार को मीका सिंह के आधिकारिक X अकाउंट (पहले ट्विटर) पर इस बड़े कदम का ऐलान करते हुए लिखा, ‘मीका सिंह भारत के माननीय सुप्रीम कोर्ट से विनम्र अपील करते हैं कि कुत्तों की भलाई को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी फैसले से बचा जाए।’
हाल ही में आवारा कुत्तों द्वारा काटे जाने के कई मामले सामने आए हैं, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने एक आदेश दिया कि सभी आवारा कुत्तों को शहरों से हटाया जाए और दूर शेल्टर होम भेजा जाए। कोर्ट ने आवारा कुत्तों को कई सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी माना। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश पर देशभर में आक्रोश रहा। कई लोगों ने इसके खिलाफ अपील की, वहीं कई लोगों ने इस फैसले को ठीक कहा। हाल ही में कोर्ट ने एक आदेश जारी कर बताया है कि उन्होंने कुत्तों को पूरी तरह सड़कों से हटाने का कोई आदेश नहीं दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button