
गोरखपुर में आज आधे घंटे का ब्लैकआउट, परखी जाएगी सुरक्षा तैयारी
गोरखपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर शाम 6 बजे से आधे घंटे का 'अंधकार अभ्यास' और एयर रेड मॉकड्रिल होगा। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में प्रशासन और नागरिकों की तैयारी परखना है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती वाले दिन शुक्रवार को शाम ठीक छह बजे जैसे ही सायरन की आवाज गूंजेगी, पूरा गोरखपुर एक सुनियोजित ‘अंधकार अभ्यास’ का साक्षी बनेगा। शहर में क्रैश ब्लैकआउट और एयर रेड माकड्रिल आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक तंत्र के साथ-साथ आम नागरिकों की तैयारी को परखना है। यह माकड्रिल आधे घंटे शाम छह से 6:30 बजे तक महंत दिग्विजय नाथ पार्क, एनेक्सी भवन के निकट और नौकायन रोड पर होगी।
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा अनुभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर माकड्रिल का अभ्यास किया जा रहा है। निर्धारित समय के दौरान गोरखपुर नगर क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी प्रकार का प्रकाश प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन के अनुसार यह अभ्यास संभावित हवाई हमले या बड़ी आपदाओं जैसी परिस्थितियों में सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता विकसित करने के लिए किया जा रहा है।
प्रशासन ने नागरिकों के लिए विस्तृत एडवाइजरी भी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि ब्लैकआउट के समय इनवर्टर का प्रयोग न करें, अपने घरों की सभी लाइटें बंद रखें और खिड़कियों पर मोटे पर्दे या काला कागज लगाएं ताकि प्रकाश बाहर न जाए।
सुरक्षित शरण स्थल और बंकर की जानकारी पहले से रखें तथा वहां पहुंचने का मार्ग तय कर लें। बिना खिड़की वाला मजबूत कमरा तैयार रखने, तीन दिन का पीने का पानी, सूखा भोजन, प्राथमिक चिकित्सा किट, टार्च और अतिरिक्त सेल रखने की सलाह दी गई है।

