गोरखपुर में तेंदुए की दहशत से भीटी गांव में सन्नाटा, घरों में कैद हुए ग्रामीण

गोरखपुर के भीटी गांव में तेंदुए जैसे जानवर की दहशत है, जिससे ग्रामीण रात में घरों में कैद हो रहे हैं। वन विभाग ने इसे तेंदुआ मानने से इनकार कर 'फिशिंग कैट' बताया है।

गोरखपुर भीटी गांव में तेंदुए जैसे जानवर की मौजूदगी की खबर से दहशत का माहौल है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण रात होते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं और खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं। हालांकि वन विभाग ने इसे तेंदुआ मानने से इनकार किया है। फोटो देखकर ‘फिशिंग कैट’ होने का दावा किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शी चंद्रशेखर पांडेय के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे एक जंगली जानवर चहारदीवारी कूदकर उनके घर में घुस आया। उसके मुंह में एक कुत्ता दबा हुआ था और वह आंगन में टहलने लगा। घबराकर उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग लाठी-डंडा लेकर जुट गए। भीड़ देख जानवर छलांग लगाकर दीवार पार कर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही सहजनवा और बांसगांव वन विभाग की टीम गांव पहुंच गई और एहतियात के तौर पर गश्त बढ़ा दी गई है। हालांकि अब तक जानवर को पकड़ने के लिए पिंजरा नहीं लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों में असमंजस बना हुआ है। गांव के लोग बताते हैं कि रात के समय बाहर निकलने में डर लग रहा है।
बांसगांव उप वन क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि मौके पर मिले पैरों के निशान के आधार पर यह तेंदुआ नहीं, बल्कि फिशिंग कैट प्रतीत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button