
गोरखपुर में लूट के दौरान लड़की की बहादुरी: 100 मीटर तक दौड़कर बदमाश को पकड़ा, हाथ में चोट के बावजूद किया मुकाबला
गोरखपुर में सोमवार दोपहर ज्वेलरी की दुकान पर हुई लूट की घटना में एक 18 वर्षीय लड़की ने असाधारण साहस दिखाया। ग्राहक बनकर आए दो बदमाश करीब 20 ग्राम सोना झपटकर भाग रहे थे, लेकिन दुकान पर मौजूद मालिक की बेटी ने उनका पीछा किया, एक बदमाश को पकड़कर जमीन पर गिराया और उससे भिड़ गई। हालांकि अंत में दोनों आरोपी फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
गोरखपुर में ज्वेलरी दुकान पर ग्राहक बनकर आए बदमाश करीब 20 ग्राम सोना लूटकर भागने लगे। दुकान संभाल रही 18 वर्षीय लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए उनका पीछा किया और एक बदमाश को पकड़कर गिरा दिया, लेकिन दोनों आरोपी भाग निकले। घटना CCTV में कैद हुई है। लड़की को हल्की चोट आई। पुलिस ने केस दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्राहक बनकर आए, फिर झपट्टा मारकर भागे
घटना गोला उपनगर के वार्ड नंबर-17 स्थित देवांश स्वर्णकला केंद्र की है। दुकान के मालिक राकेश वर्मा हैं, जो छोटे ज्वेलर हैं और बड़े व्यापारियों से जेवर लेकर बेचते हैं।
सोमवार दोपहर करीब 2:20 बजे दो युवक ग्राहक बनकर दुकान में आए। उस समय राकेश वर्मा अपनी बेटी सृष्टि (22) की 29 अप्रैल को होने वाली सगाई के कार्ड बांटने बाहर गए थे। दुकान पर उनकी छोटी बेटी अमृता वर्मा (18), जो बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है, बैठी थी।
अमृता ने बताया कि पहले दोनों युवकों ने चांदी की अंगूठी देखी और दाम तय करने के बाद उसे रखवा दिया। इसके बाद उन्होंने कान के झाले दिखाने की मांग की। पिता के न होने का हवाला देकर उसने पहले मना किया, लेकिन युवकों के बार-बार कहने और नकद भुगतान की बात पर वह उन्हें झाले दिखाने लगी।
इसी दौरान एक युवक ने अचानक करीब 20 ग्राम वजन के 4-5 जोड़ी झाले झपट लिए और दोनों भागने लगे।
100 मीटर तक पीछा, एक बदमाश को पटका
अमृता ने बिना डरे करीब 100 मीटर तक बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान उसने एक युवक को पकड़ लिया और जमीन पर गिरा दिया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें अमृता के हाथ में चोट लग गई।
इसके बावजूद बदमाश खुद को छुड़ाकर भाग निकला। सरया सब्जी मंडी के पास उसका साथी पहले से बाइक लेकर खड़ा था, जिसके साथ दोनों फरार हो गए।
CCTV में कैद पूरी वारदात
सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि गली में पहले सन्नाटा है और कुछ बाइक खड़ी हैं। एक व्यक्ति लाल टी-शर्ट और काली पैंट पहनकर आगे जाता है, तभी पीछे से दो युवक भागते नजर आते हैं और उनके पीछे लड़की दौड़ती दिखाई देती है।
कुछ ही देर में लड़की एक युवक को पकड़कर जमीन पर गिरा देती है। दोनों के बीच हाथापाई होती है, फिर युवक धक्का देकर भाग निकलता है।
लूटे गए जेवर की कीमत ढाई लाख रुपए
दुकान मालिक राकेश वर्मा के अनुसार, लूटे गए करीब 20 ग्राम सोने की कीमत लगभग 2.5 लाख रुपए है।
लड़की बोली— मेहनत का सामान था, इसलिए लड़ी
अमृता ने बताया कि जब उसने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने उसे धक्का दिया, जिससे उसकी उंगली में चोट लग गई।
उसने कहा, “यह सामान हमारी मेहनत का है, इसलिए मैंने हिम्मत करके बदमाशों का मुकाबला किया।”
डॉक्टर ने किया इलाज
दुकान के सामने स्थित डॉ. अनिल तिवारी के क्लिनिक में अमृता का इलाज किया गया। डॉक्टर ने बताया कि लड़की को मामूली चोट आई थी, प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि जांच में यह घटना टप्पेबाजी (झपट्टा मारकर लूट) की पाई गई है। पीड़िता की तहरीर पर बीएनएस की धारा 148/26 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस घटना ने एक ओर जहां अपराधियों के दुस्साहस को उजागर किया, वहीं एक युवती की बहादुरी और साहस की भी मिसाल पेश की है।

