
जंग के बीच अमेरिका-इजराइल पर ‘बादलों की चोरी’ का आरोप
दावा किया है कि मिडिल ईस्ट में मौसम बदलने वाले हथियार का इस्तेमाल कर सूखा पैदा किया गया।
इराकी सांसद अब्दुल्ला अल-खैखानी ने अमेरिका और इजराइल पर मिडिल ईस्ट में बादल चुराने का आरोप लगाया है।
अब्दुल्ला अल-खैखानी ने एक इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका और इजराइल कई सालों से विमानों की मदद से मिडिल ईस्ट में बादलों को चुराते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण क्षेत्र में लंबे समय से सूखा पड़ रहा था।
सांसद ने दावा किया कि अब अमेरिका और इजराइल ईरान के साथ युद्ध में मसरूफ हैं, इसलिए बारिश फिर से लौट आई है।
बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस दावे को लेकर चर्चाएं और अफवाहें तेज हो गईं। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि ऐसी कोई तकनीक मौजूद नहीं है, जिससे बादलों की चोरी की जा सके।
अल-खैखानी ने दावा किया है कि मिडिल ईस्ट में मौसम बदलने वाले हथियार का इस्तेमाल कर सूखा पैदा किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वायुमंडल में बदलाव कर जानबूझकर बारिश रोकी गई।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, खैखानी ने कहा कि ‘एटमॉस्फेरिक मॉडिफिकेशन वेपन’ का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस तकनीक से वायुमंडल में बदलाव कर मिडिल ईस्ट में सूखा पैदा किया गया। तुर्किये में भारी बारिश को भी कुछ लोगों ने इसी कथित साजिश से जोड़ दिया।

