
एसी ब्लास्ट से दिल्ली में भीषण अग्निकांड, 9 लोगों की मौत
दिल्ली के विवेक विहार स्थित चार मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग से 9 लोगों की जान चली गई। वहीं दमकल विभाग की टीम ने 15 लोगों को सकुशल रेस्क्यू भी किया।
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि विवेक विहार फेज-1 में चार मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजकर 48 मिनट पर मिली, जिसके बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। तुरंत ही बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि इस आग की घटना में 9 लोगों की मौत हो गई है। आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर बने फ्लैटों में लगी थी। बचाव और आग बुझाने के काम के दौरान, बिल्डिंग से 10-15 लोगों को बचाया गया।
शुरुआती जांच में बिल्डिंग आग का कारण एसी ब्लास्ट बताया जा रहा है। आग किस मंजिल या हिस्से से शुरू हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन कूलिंग की प्रक्रिया अभी-भी मौके पर चल रही है।

