भीषण गर्मी को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने सतर्कता बरतने की किया अपील
यूपी में भीषण गर्मी और हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, आगरा, झांसी समेत 11 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है.
यूपी में मई की तपिश अब खतरनाक स्तर तक पहुंच गई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में आज भीषण हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद योगी सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है. प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं. प्रदेश के बुंदेलखंड और दक्षिणी हिस्सों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर माने जा रहे हैं. सड़कें दोपहर में सूनी दिखाई देने लगी हैं, जबकि गांवों में लोग पेड़ों और छायादार जगहों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं. कई जिलों में सुबह 9 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवा का असर महसूस होने लगा है. तीन-चार दिन बाद इस भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात को देखते हुए अधिकारियों को संवेदनशील जिलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है. स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में दवाओं, बेड और डॉक्टरों की उपलब्धता बनी रहे. एंबुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके. सरकार ने नगर निकायों और जिला प्रशासन को सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

