
स्कूटी न देने पर धारदार हथियार से हमला, युवक का गला और हाथ कटा
युवक का गला और हाथ कटा, गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में स्कूटी न देने पर एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाल कटवाने गए अनस से वहां पहले से मौजूद साजिद ने स्कूटी मांगी और मना करने पर भड़क उठा।
अनस को गाली देने लगा। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे अनस के हाथ और गले पर गंभीर चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों ने बचाव करते हुए घायल को जिला अस्पताल ले गए।
जहां से डॉक्टरों ने BRD मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर आरोपी साजिद के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रसूलपुर दशहरी बाग छोटी मस्जिद के रहने वाले आफाक ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे उनका बेटा अनस बाल कटवाने अजयनगर गया था।
वहां कामरेडनगर का रहने वाला साजिद पहले से मौजूद था। दोनों के बीच बातचीत के दौरान साजिद ने अनस से उसकी स्कूटी मांगी। अनस ने जब स्कूटी देने से मना किया, तो साजिद भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर साजिद ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से अनस के गले पर वार कर दिया। अनस ने खुद को बचाने के लिए हाथ आगे किया, जिससे उसका हाथ कट गया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने दोबारा गर्दन पर हमला किया, जिससे अनस का गला कट गया और काफी खून बहने लगा।
लोग घायल अनस को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल वह एडमिट है और उसका इलाज चल रहा है। गोरखनाथ सीओ रवि कुमार के अनुसार तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

