
बिहार में चुनाव लड़ेगी बसपा, प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी
बिहार चुनाव को लेकर बीएसपी ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। सवाल उठ रहे हैं कि अगर सभी सीटों पर बसपा अकेले चुनाव लड़ती है तो किसकी राह कठिन और किसकी आसान हो जाएगी
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों की तैयारियां तेज हो गई है। मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट भी जारी कर दी है। बिहार में कैंडिडेट्स की सूची करने वाली पहली पार्टी भी बन गई है। पार्टी की तरफ से जारी पहली लिस्ट में भभुआ से लल्लू पटेल, मोहनियां (सु) से ओम प्रकाश दीवाना और रामगढ़ से सतीश यादव ऊर्फ पिन्टू यादव को उम्मीदवार घोषित किया है।
बुधवार को बसपा के बिहार प्रभारी और नेशनल कोऑर्डिनेटर सांसद रामजी गौतम पूर्णिया पहुंचे। यहां उन्होंने रोड शो और आमसभा में हिस्सा लिया। ऐसे में राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा तेज है कि अब तक उत्तर प्रदेश से सटे सीमावर्ती इलाके में सीमित रही बसपा का क्या अगला ठिकाना सीमांचल होगा!
एक चर्चा तो यह भी है कि, अकेले चुनाव लड़ने का दावा करने वाली बसपा एआईएमआईएम के साथ भी चुनावी गठबंधन कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो सीमांचल के इलाके में बड़े उलटफेर से इनकार नहीं किया जा सकता है।
बीएसपी ने जिन तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है। उसमें तीनों चेहरे अपने-अपने क्षेत्र अलग पहचान रखते हैं। लल्लू पटेल भभुआ जिले से जिला परिषद सदस्य हैं। ओम प्रकाश दीवाना भोजपुरी जगत के प्रसिद्ध गायक हैं, जिन्हें मोहनिया से प्रत्याशी बनाया है। वहीं रामगढ़ सीट से सतीश यादव ऊर्फ पिन्टू यादव को उम्मीदवार बनाया है। जो पूर्व आरजेडी विधायक अंबिका यादव के बेटे हैं।

