
गोरखपुर MMUT के तीन शोधार्थियों को अंतरराष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के तीन शोधार्थियों को जर्मनी, इजरायल और चेक गणराज्य में प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप मिली है।
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं पदार्थ विज्ञान विभाग के तीन शोधार्थियों को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप प्राप्त हुई है। विशेष बात यह है कि तीनों शोधार्थियों ने प्रो. डीके द्विवेदी के निर्देशन में पीएचडी उपाधि प्राप्त की है।
डा. प्रवीण कुमार सिंह को विश्व की प्रतिष्ठित एलेग्जेंडर वान हमबोल्ट फाउंडेशन की हमबोल्ट एक्सपीरियंस्ड रिसर्चर फेलोशिप प्रदान की गई है। इसी क्रम में डा. मयंक श्रीवास्तव को इजरायल की एरियल यूनिवर्सिटी के रेडिकल रिएक्शन्स रिसर्च सेंटर में पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप मिली है। वहीं डा. सुरभि अग्रवाल को चेक गणराज्य के न्यूक्लियर फिजिक्स इंस्टीट्यूट के डिपार्टमेंट आफ न्यूट्रान एंड आयन मैथड्स में पोस्ट-डाक्टोरल फेलोशिप प्रदान की गई है।
कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने तीनों शोधार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता शोधार्थियों की मेहनत, उनके शोध निदेशक के उत्कृष्ट मार्गदर्शन तथा विश्वविद्यालय में विकसित हो रही उच्च स्तरीय शोध संस्कृति का परिणाम है।

