ट्रंप का दावा आज समझौते पर हस्ताक्षर होगा, ईरान ने किया इंकार

ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पर ऐलान किया था कि समझौता रविवार को हस्ताक्षरित किया जाना है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

फ़ारस की खाड़ी में संघर्ष समाप्त करने को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि रविवार यानी आज दोनों पक्षों में हस्ताक्षर होंगे, जबकि ईरान ने कहा है कि हस्ताक्षर का अभी कोई सटीक समय तय नहीं हुआ है.

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने शनिवार को कहा कि अमेरिका के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने का समय अभी तक निर्धारित नहीं किया गया है.

उन्होंने कहा कि रविवार को हस्ताक्षर नहीं होंगे, “हालांकि, आने वाले दिनों में हस्ताक्षर होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है. दूसरे पक्ष के रुख़ में असंगति को देखते हुए, हमें इस प्रक्रिया के बारे में कोई भी बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए.

हालांकि बक़ाई के बयान के कुछ घंटों बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, “समझौते पर कल (रविवार) हस्ताक्षर होने वाले हैं, और जैसे ही इस पर हस्ताक्षर हो जाएंगे, होर्मुज़ स्ट्रेट सभी के लिए खुल जाएगा.”

बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान में समझौते के कुछ विरोधियों ने इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन किए और विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची और संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ के ख़िलाफ़ नारे लगाए.

यह रैली तेहरान के इब्न सिना स्क्वायर में आयोजित की गई थी, जिसमें शामिल प्रदर्शनकारी ईरान के एक कट्टरपंथी और चरमपंथी संगठन “परसिस्टेंस फ़्रंट” के क़रीबी बताए जा रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button