
FATF में भारत का जलवा, मिली अहम जिम्मेदारी
भारत को पहली बार वैश्विक वित्तीय निगरानी संस्था एफएटीएफ में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है। पेरिस में हुई बैठक के बाद केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल को जुलाई 2026 से जून 2027 तक इस जिम्मेदारी के लिए चुना गया।
वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी शुक्रवार को भारत को दी गई। एफएटीएफ एक वैश्विक संस्था है, जो धनशोधन और आतंकवाद के लिए धन जुटाने जैसी गतिविधियों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक तय करती है। भारत वर्ष 2010 से इस ताकतवर अंतरराष्ट्रीय संस्था का सदस्य है। पहली बार भारत को इस पद की जिम्मेदारी मिली है।
विवेक अग्रवाल 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। वह मध्य प्रदेश कैडर से ताल्लुक रखते हैं। वह पहले भी एफएटीएफ में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख के रूप में काम कर चुके हैं।
एफएटीएफ ने अपने बयान में कहा, सदस्यों ने ब्रिटेन के अगले अध्यक्षीय कार्यकाल के लिए तय की गई प्राथमिकताओं को मंजूरी दी और भारत के विवेक अग्रवाल को जुलाई 2026 से जून 2027 तक के लिए एफएटीएफ का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया।

