गोरखपुर में ब्रुकबांड चाय, एवरेस्ट मसाला और कैडबरी जेम्स की नकली पैकेजिंग का भंडाफोड़, खाद्य सुरक्षा विभाग ने पुलिस के साथ मारा छापा

कस्टमर बनकर मंगाया गया माल, फिर हुई छापेमारी; 4 क्विंटल से अधिक चाय, नकली मसाले और अन्य उत्पाद बरामद

गोरखपुर। शहर में नामी कंपनियों के उत्पादों की नकली पैकेजिंग का एक और बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग और कैंट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर बेचे जा रहे नकली उत्पादों का भंडाफोड़ किया गया है। छापेमारी के दौरान ब्रुकबांड चाय, एवरेस्ट मसाला, कैडबरी जेम्स और राजेश मसाले समेत कई उत्पादों की नकली पैकेजिंग बरामद की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई से पहले ग्राहक बनकर माल मंगाया और पुष्टि होने के बाद पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान 4 क्विंटल 26 किलो चाय की पत्ती, 64 किलो नकली मसाला और चार गत्ता नकली कैडबरी जेम्स बरामद किए गए। इसके अलावा हार्पिक, ईनो समेत अन्य उत्पाद भी मौके से मिले हैं।

कंपनियों की शिकायत पर शुरू हुई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरों और नकली उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुछ नामी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभाग से शिकायत की थी कि उनके ब्रांड नाम का इस्तेमाल कर नकली उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग और कैंट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई और संबंधित स्थान पर छापेमारी की।

सबसे ज्यादा मिली ब्रुकबांड चाय की नकली पैकेजिंग

छापेमारी के दौरान सबसे अधिक मात्रा में ब्रुकबांड ताजा चाय की नकली पैकेजिंग बरामद हुई। टीम को 36-36 किलो की छह बोरियां और 30-30 किलो की सात बोरियां मिलीं। बरामद चाय की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 6 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।

इसके अलावा एवरेस्ट और राजेश मसाले के नाम से तैयार 64 किलो नकली मसाला भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 46 हजार रुपये है। वहीं, चार गत्ता नकली कैडबरी जेम्स भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत लगभग 23 हजार रुपये आंकी गई है।

कस्टमर बनकर मंगाया गया था माल

कंपनी के प्रतिनिधियों ने सूचना दी थी कि कैंट क्षेत्र में कोई व्यक्ति नकली पैकेजिंग में कंपनी का माल बेच रहा है। सूचना विशेष रूप से ब्रुकबांड ताजा चाय की नकली पैकेजिंग को लेकर थी। शुरुआती प्रयासों के बावजूद विभाग को स्टोर का पता नहीं चल पाया।

बाद में सप्लाई करने वाले का मोबाइल नंबर मिला। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर चाय की पत्ती का ऑर्डर दिया। शाम करीब 6 बजे जब डिलीवरी वैन से माल पहुंचा तो टीम ने डिलीवरी करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया।

उसकी निशानदेही पर टीम संबंधित स्टोर तक पहुंची, जहां जांच के दौरान कई कंपनियों के नकली उत्पाद बरामद किए गए।

हमेशा बंद रहता था स्टोर

जांच के दौरान पता चला कि जिस स्थान पर यह सामान रखा गया था, वह एक स्टोर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे अधिकतर समय बंद रखा जाता था। इससे स्थानीय लोगों को भी गतिविधियों की जानकारी नहीं हो पाती थी।

नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष, प्रतिमा, संदीप कुमार सिंह, नरेंद्र और विजयानंद समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बरामद सभी खाद्य पदार्थों के नमूने सुरक्षित कर लिए गए हैं और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कॉपीराइट एक्ट के तहत होगी कार्रवाई

नामी कंपनियों की पैकेजिंग और ब्रांड की नकल कर बाजार में उत्पाद बेचने के मामले में कंपनी प्रतिनिधियों की ओर से कैंट थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

कहां से आता था नकली माल, जांच जारी

पकड़े गए स्टोर संचालक ने पूछताछ में बताया कि वह महराजगंज से माल मंगाता था। हालांकि विभाग उसकी बातों पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि नकली उत्पाद किसी अन्य स्थान पर तैयार किए जा रहे हैं।

इसी को देखते हुए विभाग अब उस स्थान की तलाश में जुटा है, जहां इन उत्पादों की नकली पैकेजिंग और निर्माण का कार्य किया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button