जनता दर्शन में लगातार दूसरे दिन सीएम योगी ने सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, बोले- चिंता मत करें, हर समस्या पर होगी प्रभावी कार्रवाई

गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को जल्द व निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए। जमीन कब्जा और अपराध से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए। इलाज के लिए आर्थिक मदद का भी भरोसा दिलाया। इसके बाद सीएम ने गोशाला में गोसेवा कर गायों को गुड़ खिलाया और उनका हालचाल लिया।

आयाम स्वरूप, गोरखपुर, 24 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “चिंता मत करें, सबकी समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।” साथ ही अधिकारियों को सभी शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

करीब 150 लोगों से मिलकर सुनीं समस्याएं

शुक्रवार सुबह आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठाए गए लोगों के बीच स्वयं पहुंचकर उन्होंने एक-एक व्यक्ति की समस्या सुनी, उनके प्रार्थना पत्र लिए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

अपराध और जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन के दौरान अपराध और अवैध जमीन कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने आईं। इन मामलों पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के प्रार्थना पत्रों पर मुख्यमंत्री ने अस्पतालों से इस्तीमेट तैयार करने की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जैसे ही इस्टीमेट प्राप्त होगा, सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को दिया दुलार और चॉकलेट

जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की, उन्हें दुलार किया, चॉकलेट भेंट की और आशीर्वाद दिया।

गोशाला पहुंचकर की गोसेवा

जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला का भी भ्रमण किया। उन्होंने कुछ गोवंश को उनके नाम लेकर पुकारा। मुख्यमंत्री की आवाज सुनते ही कई गोवंश दौड़ते हुए उनके पास पहुंच गए।

मुख्यमंत्री ने गोवंश के माथे पर हाथ फेरकर उन्हें दुलार किया और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इसके अलावा उन्होंने गोशाला की अन्य गायों और नंदी को भी गुड़ खिलाया तथा गोशाला के कर्मचारियों को गोवंश की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button